मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण
डॉ सरोज गुप्ता,सागर (म प्र) भारत
*************************************************
कामधेनु इस धरणि धरा पर,
स्वर्णिम अमृत झरते मधुकण।
मलय समीर ठिठोली करता,
मधुवन देता है आमंत्रण।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
प्रकृति वधू लावण्य रुप धर,
धीरे सरकाती शुभ्र आंचल ।
रागसिन्धु के आलोड़न में,
लोक प्रकृति का शाश्वत यौवन।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
रुप रंग रस धरा रागमय,
सुरभित जीवन महका प्रांगण।
तृण तरु लता नि:श्वास गंधमय ,
नन्दन वन उपवन गिरि कानन।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
सरसों फूली ,धूप है उजली,
आम्रमंजरी पल्लव संयुत।
कोयल की मधु कूक मोहती,
रुप चित्र का कर उन्मीलन ,
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
झिलमिल सौरभकण पर मधुकर,
गुनगुन कर सब ओर रिझाता।
दक्षिण पवन थपकियां देता,
फिर प्रेमबद्ध करता आलिंगन।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
लब्ध अंगारों से पुष्प खिले हैं,
तप्त हृदय आतुर सम्मोहन।
विकल भावना, तोड़ बंध उर,
तृप्त आत्मा ,संतृप्त हुआ मन।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
पुष्प पराग रोली-ईंगुर से ,
सौभाग्य प्रकृति मानो इठलाती।
चिर सुहाग को संजो संजोकर,
रंगों का भरकर सम्मोहन।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
मानव-मन तन भी हो हर्षित,
दुख-शोक मिटें ,न हो पीड़ित जन।
अभिलाषाएं पूरी हो सबकी
राष्ट्रीय भावमय जीवनअर्पण।
मधुऋतु का स्नेह निमंत्रण।
परिचय-
डॉ सरोज गुप्ता
कार्य क्षेत्र -अध्यक्ष, हिन्दी विभाग, पं. दीनदयाल उपाध्याय, शासकीय स्नातकोत्तर कला एवं वाणिज्य महाविदयालय सागर (म.प्र.) भारत
राष्ट्रीय सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र
१. झांसी महोत्सव १९९७ – बुंदेलखंड संस्कृति को समर्पित झांसी महोत्सव में बुंदेली भाषा साहित्य एवं संस्कृति उन्नयन हेतु प्रथम पुरस्कार
२- रिसर्च लिन्क सम्मान --२००२-०३
३- हिन्दी साहित्य सम्मेलन प्रयाग--प्रशस्ति पत्र २००६
४- मैत्री पुरस्कार -आत्मीय विद्वत् सम्मान २००६
५- भारतीय भाषा सम्मेलन -प्रशस्ति पत्र भारतीय भाषा परिषद-उज्जैन २००६
६-महादेवी स्मृति सम्मान -प्रयाग--२००७
७- राष्ट्र सेवा नेशनल अवार्ड -सागर--२००९
८- सरस्वती श्री-नेशनल अवार्ड --२००९
९- हिन्दी भाषा भूषण -साहित्य मंडल श्रीनाथ द्वारा राजस्थान -२०१०
१०- विशिष्ट हिन्दी सेवी सम्मान -दिल्ली--२०११
११- स्वामी विवेकानंद सम्मान -सागर-२०१२
१२- पदुमलाल पन्नालाल बख़्शी सम्मान -हिन्दी साहित्य सम्मेलन ,सागर-२०१३
१३- राव बहादुर सिंह बुन्देला सम्मान ,बसारी - छतरपुर--२०१४
१४- हिन्दी सेवी सम्मान -जे एम डी पब्लिकेशंस दिल्ली --२०१४
१५- साहित्य गौरव सम्मान -दिल्ली-२०१५
१६- राष्ट्रभाषा गौरव सम्मान -इलाहाबाद -२०१५
१७- बुंदेलखंड कनेक्ट लिटरेरी सम्मान-२०१६
१८- महिमा साहित्य रत्न , दुर्ग छत्तीसगढ़ २०१६
१९- राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, सागर २०१६
२०- बुंदेली साहित्य अलंकरण २०१७ -आरूष वेलफेयर सोसायटी सागर (म.प्र.)
२१. भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा. प्रशक्ति.पत्र - २०१७
२२. आशादेवी सुराणा राष्ट्रीय साहित्यांचन सम्मान सम्मान - २०१७
२३. गहोई एकता क्लब . महिला साहित्यकार सम्मान – ग्वालियर २०१८
24. विश्व हिन्दी दिवस बैंक आफ इंडिया- सागर प्रशस्ति-पत्र - २०१९
● हिंदी को समर्पित समस्त प्रकार की खबरों, कार्यक्रमों तथा मिलने वाले सम्मानों की रिपोर्ट/फोटो/वीडियो हमें pragyasahityahindisamachar@gmail.com पर भेजें।
● 'नि:शुल्क प्राज्ञ कविता प्रचार योजना' के अंतर्गत आप भी अपनी मौलिक कविताएं हमें pragyasahityahindi@gmail.com पर भेजें।
● 'नि:शुल्क प्राज्ञ लेख प्रचार योजना' के अंतर्गत आप भी अपने लेख भेजने हेतु 09027932065 पर संपर्क करें।
● प्राज्ञ साहित्य की प्रति डाक से प्राप्त करने व वार्षिक सदस्यता प्राप्त करने के लिये 09027932065 पर संपर्क कर हमारा सहयोग करें।
● 'प्राज्ञ साहित्य' परिवार का हिस्सा बनने के लिए 09027932065 पर संपर्क करें।